महराजगंज:- जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पिपरा खादर नहर पुल के पास एक मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान अहिरौली निवासी 40 वर्षीय लक्ष्मण निषाद के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई, जबकि परिवार में मातम पसर गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मण निषाद मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार को वह किसी जरूरी कार्य से पिपरा खादर गए हुए थे। बताया जा रहा है कि काम समाप्त करने के बाद वह नहर की पटरी के रास्ते अपने गांव लौट रहे थे। दोपहर की तेज धूप के चलते वह रास्ते में एक पेड़ के नीचे बैठकर आराम करने लगे। इसी दौरान संदिग्ध हालात में उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने के बाद वह नहर किनारे गड्ढे में जा गिरे होंगे। हालांकि घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं। राहगीरों ने जब लक्ष्मण को अचेत अवस्था में पड़ा देखा तो शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। पति का शव देखते ही पत्नी ममता सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक भिटौली सत्येंद्र कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस के मुताबिक मृतक की बाईं आंख के पास हल्की चोट पाई गई है, जबकि शरीर पर अन्य कोई गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.


إرسال تعليق