महराजगंज। नामी ब्रांड के भरोसे के साथ खिलवाड़ कर उपभोक्ताओं की सेहत और जेब पर डाका डालने का कथित खेल श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कतरारी गांव में सामने आया है। यहां टाटा नमक के नाम पर कथित तौर पर नकली नमक तैयार कर बाजार में खपाने की तैयारी की जा रही थी। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की शिकायत पर पुलिस ने छापेमारी कर नकली नमक पैकिंग के कारोबार का खुलासा किया।जानकारी के मुताबिक, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड की ओर से अधिकृत जांचकर्ता नीरज गौड़ को कतरारी गांव में कंपनी के नाम से नकली नमक बनाने और बेचने की सूचना मिली थी। उन्होंने सूचना का सत्यापन करने के बाद श्यामदेउरवा पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद कांस्टेबल मनीष सिंह और मुकेश कुमार के साथ पुलिस टीम ने संबंधित मकान पर छापेमारी की।
मकान मालिक ने अपना नाम श्यामू प्रसाद निवासी बनचारा, थाना पिपराइच, जनपद गोरखपुर बताया। पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो अंदर का नजारा देखकर टीम भी चौंक गई। कमरे में टाटा नमक के नाम से पैक किए गए सैकड़ों पैकेट, खाली रैपर और पैकिंग मशीन रखी मिली।
*छापेमारी में क्या-क्या हुआ बरामद?*
पुलिस ने मौके से एक किलो के 425 पैकेट नमक, 4320 खाली रैपर, करीब 25 किलो खुला नमक और एक इलेक्ट्रिक पैकिंग मशीन बरामद की। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि की जांच में बरामद सामग्री असली उत्पाद के मानकों से मेल नहीं खाई। इसके बाद नकली नमक की पैकिंग किए जाने की बात सामने आई।
पुलिस ने बरामद सामान को सील कर दिया है और मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रभारी महराजगंज
कैलाश सिंह.

إرسال تعليق