मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।
औरंगाबाद। जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा द्वारा आज दिनांक 04 नवंबर 2026 को देव कार्तिक छठ मेला के सफल, सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर विभिन्न स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए चिह्नित विभिन्न आवासन स्थलों, पार्किंग स्थलों, यातायात व्यवस्था तथा मेला क्षेत्र तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवासन स्थलों पर आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन इस प्रकार किया जाए कि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला पदाधिकारी ने सड़कों के मरम्मतीकरण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया, ताकि मेला के दौरान श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सभी संपर्क मार्गों एवं प्रमुख सड़कों की स्थिति दुरुस्त रखी जाए तथा आवश्यकतानुसार मरम्मतीकरण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा जिला परिवहन पदाधिकारी को मेला अवधि के दौरान *निःशुल्क यातायात व्यवस्था* सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी को विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों, मार्गों एवं आवश्यक स्थलों पर पर्याप्त संख्या में सूचना एवं दिशा-सूचक साइनेज लगाने का निर्देश दिया गया। जिससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आवासन स्थल, पार्किंग स्थल एवं अन्य आवश्यक स्थानों तक पहुंचने में सहूलियत हो।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे मेला क्षेत्र, आवासन स्थलों, पार्किंग स्थलों एवं प्रमुख मार्गों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि देव कार्तिक छठ मेला में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के आगमन को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां ससमय पूर्ण की जाएं, ताकि उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और मेला का आयोजन सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
उक्त निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, अपर समाहर्ता (विशेष) सैदुल हसन खान, जिला पंचायत राज पदाधिकारी इफ्तिखार अहमद अनुमंडल पदाधिकारी सदर गौरव सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

إرسال تعليق