संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट.
ATH NEWS 11 GROUP :-पटना, 6/11/2026 कृषि विभाग में पारदर्शिता और किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा के निर्देश पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। उर्वरक आवंटन और बीज वितरण प्रक्रिया में मिली गंभीर अनियमितताओं की शिकायतों पर त्वरित कदम उठाते हुए विभाग ने दो वरिष्ठ अधिकारियों को उनके पदों से हटाकर अन्य कार्यालयों में संबद्ध (अटैच) कर दिया है।
कार्रवाई की जद में आए अधिकारियों में मुख्यालय के सहायक निदेशक (शस्य), उर्वरक प्रचालन तथा सहायक निदेशक (शस्य), उपादान प्रवर्तन शामिल हैं। विभाग ने इन दोनों संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले पर औपचारिक स्पष्टीकरण भी तलब किया है। मामले की गहराई से जांच के लिए उच्चस्तरीय कमिटी गठित कृषि मंत्री ने बताया कि उर्वरक के आवंटन, बीज वितरकों के लाइसेंस जारी करने तथा नए अनुज्ञप्ति प्रदान करने की प्रक्रिया में गड़बड़ियों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन मामलों की निष्पक्ष, विस्तृत और तथ्यपरक पड़ताल के लिए एक उच्चस्तरीय जांच कमिटी का गठन किया गया है।
यह कमिटी उर्वरक आवंटन के तमाम अभिलेखों, बीज वितरण की फाइलों और लाइसेंस जारी करने से जुड़ी पूरी प्रणाली की गहनता से जांच करेगी।
'दोषियों पर होगी कठोरतम कार्रवाई' मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि जांच में यदि किसी भी स्तर पर नियमों के उल्लंघन या भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि कृषि उपादानों के वितरण में किसी भी प्रकार का समझौता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और सरकार किसानों तक गुणवत्तापूर्ण उत्पाद समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


إرسال تعليق