संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट।
ATH NEWS 11 GROUP :-गयाजी बिहार के गयाजी जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद थे, लेकिन गया पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई ने महज कुछ ही घंटों में सनसनीखेज लूटकांड का पर्दाफाश कर दिया है। मवेशी बेचकर लौट रहे व्यापारियों को रास्ते में रोककर गोलीबारी करने और लाखों रुपये लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने न सिर्फ उद्भेदन किया है, बल्कि घटना में शामिल तीन शातिर अभियुक्तों को भी धर दबोचा है। पुलिस ने इनके पास से लूट के 03 लाख रुपये, घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार और कुल 09 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
क्या थी पूरी घटना-
पुलिस को दिए गए फर्दबयान के मुताबिक, गत 31 अक्टूबर 2026 को वादी अपने सहयोगियों के साथ जानवर बेचकर एक प्राइवेट गाड़ी से वापस औरंगाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत डीएवी स्कूल से लगभग 500 मीटर आगे लाइब्रेरी के पास एक उजले रंग की कार में सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया।
बदमाशों ने मारपीट करते हुए जबरन रुपये छीनने शुरू कर दिए। जब व्यापारियों ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उनके एक साथी को गले में और दूसरे साथी को मुंह में गोली मार दी। इतना ही नहीं, जब एक अन्य ने विरोध जताया तो उसकी आँखों में मिर्च पाउडर झोंककर बाएं पैर में गोली मार दी गई। इसके बाद बदमाश सभी के रुपये और मोबाइल छीनकर गाड़ी घुमाकर नवादा की ओर फरार हो गए थे।
पुलिस की विशेष टीम ने ऐसे बिछाया जाल:-
वारघटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार गयाजी के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, वजीरगंज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में मुफस्सिल थानाध्यक्ष, अन्य पुलिस बल और तकनीकी शाखा के अधिकारी शामिल थे।तकनीकी अनुसंधान, आसूचना संकलन और सीसीटीवी फुटेज के गहन अवलोकन से पुलिस को एक बड़ा सुराग मिला। पता चला कि व्यापारियों को ले जाने वाली प्राइवेट कार का ड्राइवर उदय कुमार ही इस लूटपाट करने वाले गिरोह का मुख्य मददगार (मुखबिर) है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शर्मा बाजार से ड्राइवर उदय कुमार को 1 मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार कर लिया।
निशानदेही पर अन्य अपराधी दबोचे गए:-
उदय कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने अन्य संलिप्त अभियुक्त रवि कुमार (पास से 2 मोबाइल) और दिनेश कुमार (पास से 1 मोबाइल) को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार और लूटे गए पैसे बाराचट्टी के शर्मा बाजार स्थित एक अन्य अपराधी के घर छिपाकर रखे गए हैं।जब पुलिस ने उस ठिकाने पर छापेमारी की, तो मुख्य आरोपी तो फरार मिलने में कामयाब रहा, लेकिन उसके घर के पास से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, कार के अंदर से लूटे गए 3 लाख रुपये, 3 लूटे गए मोबाइल और भागे हुए अभियुक्त के घर से 2 अन्य मोबाइल बरामद कर लिए गए।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:-
उदय कुमार (पिता- नागो महतो) - निवासी शर्मा बाजार
रवि कुमार (पिता- रवीन्द्र प्रसाद) - निवासी शर्मा बाजार (इसका आपराधिक इतिहास भी मिला है: मगध विश्वविद्यालय थाना कांड सं- 67/25, धारा 303(2) बी.एन.एस.)
दिनेश कुमार (पिता- रामवृक्ष प्रसाद) - निवासी धानाचक (सभी थाना- बाराचट्टी, जिला- गया)
बरामद सामानों की कुल सूची:
घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार: 01
लूटे गए नकद रुपये: 03 लाख
लूटे गए मोबाइल फोन: 03
कांड में प्रयुक्त / अन्य बरामद मोबाइल फोन: 06 (कुल 09 मोबाइल)
गया पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है। साथ ही, घटना में शामिल फरार अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। गया पुलिस की इस बेहतरीन और त्वरित कार्रवाई की इलाके में काफी सराहना हो रही है।

إرسال تعليق