⚡ ब्रेकिंग News

नौकरी का झांसा देकर 170 लोगों से ठगी का आरोप, महिला ने गिरवी रखे गहने और गंवाए दो लाख रुपये.




महराजगंज। नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। कोठीभार थाना क्षेत्र के पैकौली कला निवासी महिला सुमन शर्मा ने नौकरी का झांसा देकर दो लाख रुपये ठगने और विरोध करने पर परिवार समेत जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का दावा है कि आरोपितों ने नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 170 लोगों से भी रुपये वसूले हैं। मामले को लेकर गुरुवार को पीड़िता ने एसपी के जनता दर्शन में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

पीड़िता के मुताबिक, जनवरी महीने में भेड़िया निवासी एक व्यक्ति ने उन्हें 40 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन वाली नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। नौकरी की उम्मीद में महिला ने अपने गहने तक गिरवी रख दिए और पहली किस्त के रूप में 1.20 लाख रुपये दे दिए। इसके अलावा दो अन्य लोगों के माध्यम से 50 हजार और 30 हजार रुपये भी आरोपितों तक पहुंचाए गए। इस तरह महिला ने कुल दो लाख रुपये दिए।

आरोप है कि रकम लेने के बाद तीनों लोगों को नियुक्ति पत्र भी थमा दिए गए, लेकिन नौकरी के लिए कार्यस्थल और अन्य जरूरी जानकारी नहीं दी गई। काफी समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं मिली तो महिला ने अपने स्तर से छानबीन शुरू की। इस दौरान उन्हें कथित नियुक्ति पत्र फर्जी होने की जानकारी मिली।

रुपये मांगे तो मिली जान से मारने की धमकी...

पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई वापस मांगी तो आरोपितों ने रुपये लौटाने के बजाय जान से मारने की धमकी देनी शुरू कर दी। इससे पीड़िता और उनका परिवार भयभीत है। शिकायत में महिला ने दो अन्य लोगों को भी आरोपित किया है।

 *170 लोगों से वसूली का लगाया आरोप....

मामले को और गंभीर बताते हुए सुमन शर्मा ने आरोप लगाया कि नौकरी दिलाने के नाम पर कथित तौर पर करीब 170 लोगों से रुपये वसूले गए हैं। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर कथित ठगी के नेटवर्क का पर्दाफाश करने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

एसपी के जनता दर्शन में दिए गए प्रार्थना पत्र में पीड़िता ने अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की भी गुहार लगाई है। अब देखना यह है कि पुलिस जांच में कथित ठगी के इस मामले की कितनी परतें खुलती हैं और पीड़िता समेत अन्य प्रभावित लोगों को कब तक न्याय मिल पाता है।

      प्रभारी महराजगंज 

          कैलाश सिंह.

Post a Comment

أحدث أقدم
BREAKING NEWS : Loading...

ताज़ा खबरें

राजनीति समाचार
राजनीति समाचार लोड हो रहे हैं...