गढ़वा ब्यूरो चीफ डॉ श्रवण कुमार की रिपोर्ट।
एटीएच न्यूज़ 11:- गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली के लिए श्रद्धा और आस्था के साथ वट सावित्री व्रत किया। सुबह से ही महिलाएं सोलह श्रृंगार कर अपने-अपने गांवों के पवित्र वटवृक्ष के नीचे एकत्रित हुईं तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। चिलचिलाती धूप के बावजूद महिलाओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। पूजा के दौरान विद्वान पंडितों द्वारा वट सावित्री व्रत की कथा सुनाई गई, जिसमें सत्यवान और सावित्री की अमर कथा का श्रवण महिलाओं ने सामूहिक रूप से किया। वहीं क्षेत्र की कई महिलाओं ने अपने घरों के निकट वटवृक्ष की डाली गाड़कर भी पूजा संपन्न की, ऐसा देखा गया। हिंदू धर्म में वट सावित्री व्रत का विशेष महत्व माना गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार माता सावित्री ने अपने दृढ़ संकल्प, तप और पतिव्रता धर्म के बल पर यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस प्राप्त किए थे। तभी से सुहागिन महिलाएं इस व्रत को अपने पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य की कामना के लिए करती हैं। वटवृक्ष को दीर्घायु, स्थिरता और जीवनदायी शक्ति का प्रतीक माना जाता है। इसीलिए सुहागिन महिलाएं इसकी परिक्रमा कर इसकी पूजा अर्चना करते हैं।
इस अवसर पर क्षेत्र के प्रसिद्ध सतबहिनी झरना तीर्थ स्थल पर महिलाओं की भारी भीड़ देखने को मिली। इसके साथ साथ कांडी प्रखंड के सभी पंचायतों में पड़ने वाले गांवों की महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा कर अपने पति की दीर्घायु तथा परिवार की सुख-शांति की कामना ईश्वर से की।

Post a Comment