थाना लालगंज से रामजीत चौधरी की रिपोर्ट ।
ATH NEWS 11 GROUP -:कुदरहा क्षेत्र के पिपरपाती बंधे के दक्षिण सिवान में बीते सोमवार को अज्ञात कारणों से भीषण आग लगी थी, जिसमें सैकड़ों किसानों की लगभग सौ एकड़ से अधिक गेहूं और गन्ने की फसल जलकर राख हो गई थी। इस त्रासदी से किसान अभी उबरे भी नहीं थे कि मंगलवार दोपहर उसी सिवान में कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं।
मंगलवार को जब सिवान में फिर से आग की लपटें दिखाई दीं, तो ग्रामीण और किसान तुरंत मौके पर पहुंच गए। वहां उन्होंने एक महिला और दो अन्य व्यक्तियों को गेहूं के डंठल जलाते हुए देखा। किसानों को अपनी ओर आता देख महिला के साथ मौजूद दोनों पुरुष मौके से फरार हो गए, जबकि महिला वही पर मौजूद रही।
किसानों ने तत्काल पंपिंग सेट चलाकर फैल रही आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।किसानों का आरोप है कि सोमवार को हुई भारी तबाही के पीछे भी इन्हीं असामाजिक तत्वों का हाथ हो सकता है।
घटना से आक्रोशित किसान श्याम कुमार, वीरेंद्र कुमार, घनश्याम यादव, लवकुश निषाद और अशोक यादव समेत दर्जनों ग्रामीणों ने कुदरहा पुलिस चौकी पर शिकायती पत्र दिया। किसानों ने लिखित शिकायती पत्र सौंपकर मांग की है कि महिला और फरार हुए उसके साथियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस संबंध में चौकी इंचार्ज कुदरहा महेश कुमार शर्मा ने बताया कि महिला को चौकी पर बुलाकर पूछताछ किया गया है ऐसा कोई मामला सामने निकल कर नहीं आ रहा है।

Post a Comment