संपादक डॉ मदन मोहन मिश्र की रिपोर्ट.
पटना:- दिनांक 23/3/2028 बिहार दिवस के द्वितीय दिवस के अवसर पर श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल, पटना में मगध विश्वविद्यालय की अध्यक्षता में पाँच विश्वविद्यालयों द्वारा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एकल शास्त्रीय गायन से हुआ, जिसमें पटना विश्वविद्यालय, मगध विश्वविद्यालय एवं पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के प्रतिभागियों ने प्रभावशाली प्रस्तुति दी। इसके पश्चात सुगम संगीत (एकल) की प्रस्तुति में पटना विश्वविद्यालय, मौलाना मजहरूल हक अरबी-फारसी विश्वविद्यालय एवं मगध विश्वविद्यालय के प्रतिभागियों ने अपनी मधुर आवाज़ से समां बांधा। समूह गीत/काव्य प्रस्तुति में पटना विश्वविद्यालय, मौलाना मजहरूल हक अरबी-फारसी विश्वविद्यालय, आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय एवं मगध विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक प्रस्तुतियाँ दीं। लोकगीत (एकल) प्रतियोगिता में भी प्रतिभागियों ने अपनी सांस्कृतिक समृद्धि का परिचय दिया।
वाद्य वंदना के अंतर्गत तबला वादन, स्वर वाद्य एवं अन्य वाद्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और अधिक जीवंत बना दिया, जिसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर नोडल विश्वविद्यालय के रूप में मगध विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार मंगलम, छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार चौधरी एवं वित्त पदाधिकारी श्री इंद्र कुमार सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ राकेश कुमार रंजन ,डॉ. जन्मेजय सिंह, डॉ. धर्मेंद्र कुमार, डॉ राहुल कुमार, डॉ. राकेश कुमार, अविनाश कुमार, डॉ. आभा सिंह, डॉ. कविता, डॉ. श्वेता गोयल, डॉ. अनन्या स्वराज एवं डॉ. वंदना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मंच संचालन डॉ. एकता वर्मा, डॉ. ममता एवं डॉ. मीनाक्षी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. शशि प्रताप शाही ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और भारतीय संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार मंगलम ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों को बधाई दी।

Post a Comment