थाना लालगंज से रामजीत चौधरी की रिपोर्ट .
ATH NEWS 11 GROUP -बस्ती, 19 फरवरी 2026.पिछले करीब दो सप्ताह से जिले में चर्चा का विषय बने दारोगा अजय गौड़ की रहस्यमय मौत के मामले में बस्ती पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। विशेष जांच टीम की पड़ताल में एक हिस्ट्रीशीटर चोर की पहचान की गई है, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले का जल्द ही खुलासा किया जा सकता है।
मामला विभागीय होने के वजह से पुलिस फूक-फूक कर कदम रख रही है और पूरी जांच तथा पूरे सबूत के साथ ही मामले का खुलासा करेगी |
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जांच के दौरान पुलिस की टीम उस संदिग्ध व्यक्ति तक पहुंच गई, जो लालगंज थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। आरोप है कि इसी व्यक्ति ने दारोगा अजय गौड़ की बाइक अयोध्या पुल के पास से चोरी की थी। इसके साथ ही दारोगा के दोनों मोबाइल फोन संतकबीर नगर जिले की दो महिलाओं के पास होने की जानकारी सामने आई, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। संतकबीर नगर पहुंचकर पुलिस ने इस कड़ी की पुष्टि की, जिसके बाद मामले की जांच में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
यहां बताते चलें कि देवरिया जिले के कोतवाली क्षेत्र के मूड़ाडीहा निवासी दारोगा अजय गौड़ जो बस्ती जिले के थाना परशुरामपुर पर पोस्ट थे और उस समय थाने के प्रभारी थे,पांच फरवरी 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। इसके बाद आठ फरवरी की रात उनका शव सरयू नदी के किनारे बरामद हुआ था, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या और हत्या के बीच उलझा रहा, जबकि परिजनों ने भी घटना को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
सूत्रों के द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांच टीम ने दारोगा की अंतिम लोकेशन, मोबाइल कॉल डिटेल और उस समय आसपास मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों का विश्लेषण किया है। मोबाइल नंबर की मैपिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को नई दिशा मिली है। हिरासत में लिए गए हिस्ट्रीशीटर से पूछताछ जारी है और उसके पास से महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की भी चर्चा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। इस प्रकरण को पुलिस विभाग की प्राथमिकता में रखा गया है और सच्चाई सामने लाने के लिए विशेष जांच टीम लगातार काम कर रही है।
إرسال تعليق