मिथिलेश कुमार पाण्डेय व्यूरो चीफ औरंगाबाद।
औरंगाबाद। आज दिनांक 17/02/2026 जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा (भा०प्र०से०) द्वारा केशहर नदी पर निर्माणाधीन चांद विगहा चेक डैम का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता, संरचना की स्थिति से संबंधित बिंदुओं की जानकारी ली गई।निरीक्षण के दौरान योजना का कार्य प्रगति पर पाया गया। इस योजना की कुल लागत 1006.623 लाख रुपये है। योजना के पूर्ण होने पर चांद विगहा, मनका, गरूआ, धोबडिहा, परसावा, डंगरा, अलारपुर, चौखड़ा, मिर्जापुर एवं बसतपुर सहित आसपास के गांवों के किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे कृषि उत्पादन में वृद्धि के साथ-साथ किसानों की आय में भी वृद्धि होने की संभावना है।चेक डैम के निर्माण से लगभग 1000 हेक्टेयर भूमि सिंचित होने की संभावना है। साथ ही यह योजना जल संरक्षण को भी सुदृढ़ करेगी। चेक डैम के कारण जल का संचयन होने से पेयजल स्तर में वृद्धि होने की संभावना है। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता में भी राहत मिलेगी।निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित विभाग को निर्देश दिया गया कि निर्माण कार्य को युद्ध स्तर पर कराते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह, सदर डीसीएलआर श्वेतांक लाल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, कार्यपालक अभियंता लघु सिंचाई प्रमण्डल अशोक कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी मदनपुर एवं अंचल अधिकारी मदनपुर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment